अमरोहा। नौगावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को ननद ने पति व अन्य परिजनों के साथ मिलकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही उसके साथ छेड़खानी की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव का है। यहां रहने वाले किसान की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन 12 जुलाई 2023 को किसान की मौत हो गई। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक डेढ़ साल का बेटा है। किसान के पिता के नाम पर 40 बीघा जमीन है। किसान की बहन की धनौरा थाना क्षेत्र के गांव में शादी हो चुकी है। लेकिन किसान की बहन भी जमीन में हिस्सा लेने की फिराक में है। जिसका मुकदमा नौगांवा सादात एसडीएम न्यायालय में चल रहा है। किसान की विधवा पत्नी उस जमीन में खेती कर रही है। आरोप है कि उसकी शादीशुदा ननद अपने परिजनों के साथ मिलकर जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करना चाहती है। 28 अगस्त को ननद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर विधवा को घर से निकाल दिया। तभी से वह अपने मायके में रहती है। लेकिन अपनी खेत पर आना-जाना रखती है। आरोप है कि ननद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर गन्ने की फसल को काट लिया। इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी और महिला के साथ छेड़खानी की गई। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मामले में विधवा की ननंद समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।