गजरौला। रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के वार्षिक अलंकरण एवं सांस्कृतिक समारोह में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम प्रस्तुत कर मन मोह लिया। विक्रांत भाटी व कुमारी रोशनी को चैंपियन ट्राॅफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। दो दिवसीय युवा महोत्सव की प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्तिपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। महाविद्यालय में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती की वंदना के बाद श्रेया ने एकल गीत प्रस्तुत कर व चंचल, सरोज, कशिश ने समूह में नृत्य कर मन मोह लिया। सुनील व गगन गोला ने मन मोहक समूह नृत्य किया। विज्ञान संकाय एवं दो दिवसीय युवा महोत्सव में मॉडल प्रतियोगिता, निबंध, चार्ट, रंगोली, फोटोग्राफी, मेहंदी, नृत्य, नाटक आदि के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके बाद वार्षिक क्रीड़ा के विभिन्न कार्यक्रमों फिट इंडिया पखवाड़ा व अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान महाविद्यालय की चैंपियनशिप की घोषणा की गई। कला संकाय को सबसे अधिक अंक प्राप्त करने के लिए विजेता संकाय की ट्रॉफी दी। विज्ञान संकाय दूसरे स्थान पर रही। विक्रांत भाटी व रोशनी को चैंपियन घोषित किया गया।
मुख्य अतिथि सुजिंदर फोगाट व प्राचार्य डॉ. नम्रता वर्मा ने उनका उत्साहवर्धन किया। झलक चाहल को राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान, विश्व विद्यालय स्तरीय व महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के कारण प्रोत्साहन राशि दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती चित्र के आगे दीप जलाकर की गई थी। डॉ. रीना रस्तोगी, डॉ. नेहा अग्रवाल, डाॅ. इंद्रदेव सिंह, सीमा सिंह, डॉ. अजय कुमार, डॉ. संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।