डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह का उद्देश्य स्तनपान, बच्चों के पूरक आहार को बढ़ावा देने, कुपोषण से बचाव करना और आयोडीन युक्त नमक के प्रयोग को बढ़ावा देना है। पूरे माह में 2.31 लाख बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। ब्लाक जोया के ग्राम रामपुर घना के प्राइमरी पाठशाला में डीएम ने फीता काटकर बाल स्वास्थ्य पोषण माह का उद्घाटन किया। 170 बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई गई। इस अभियान में 9 माह से 5 वर्ष तक के लक्षित बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि जनपद में बाल स्वास्थ्य पोषण माह का आगाज हो गया है। जनपद में दो लाख 31 हजार 481 बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। इस अभियान में 9 से 12 माह तक के 13669, एक से दो साल तक के 51510 और दो से पांच साल तक के 1,66,302 बच्चों को विटामिन ए पिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस दवा से बाल रोगों की रोकथाम होती है।