रजबपुर (अमरोहा)। 51 दिनों से भूमि के सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा की मांग को लेकर गांव कूबी, रामपुर घना, मोहनपुर, घंसूरपुर के ग्रामीण सोमवार को भी धरने पर बैठ रहे।
सोमवार को ग्रामीणों के अनिश्चितकालीन धरने को 51 दिन हो गए हैं। उसके बाद भी धरना जारी है। ग्रामीणों ने कहा कि मध्य गंगा नहर विभाग ने पहले भूमि अधिग्रहण कर ली, मगर आज तक मुआवजा नहीं दिया। अब जमीन का रेट कई गुना बढ़ चुका है। इसलिए वे पुराने रेट पर सरकार को जमीन क्यों देंगे। उन्हें सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा मिलना चाहिए। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक चार गुना मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक धरना खत्म नहीं होगा। किसी भी कीमत पर जमीन खाली नहीं करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में पुष्पेंद्र चौधरी, नितेश चौधरी, देवराज सिंह, हंसराज सिंह, काले सिंह, चंद्रपाल सिंह, बृजपाल सिंह, सुरेंद्र शर्मा, सुनीता देवी, रश्मि चौधरी, सिंपल चौधरी, सोनम चौधरी आदि मौजूद रहे।