आदमपुर। विकास खंड गंगेश्वरी क्षेत्र के गांव ओगपुरा में सफाई न होने से चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जिससे नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह- जगह कूड़े के ढेर हैं तो वहीं नालों की सफाई नहीं हुई है। घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिसके चलते गंदगी से होने वाली संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सतपाल का कहना है कि गांव में गंदगी की शिकायत खंड विकास अधिकारी गंगेश्वरी व जिलाधिकारी अमरोहा से कर चुके हैं लेकिन अनेक बार शिकायत करने के बाद भी गांव में साफ सफाई नहीं कराई गई। ग्राम प्रधान फूलवती का कहना है कि सफाई कर्मी छुट्टी पर है। समय-समय पर सफाई कराई जाती है। जहां-जहां गंदगी है, उसे साफ करा दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सतपाल, प्रह्लाद, बाबूराम, विनोद, राजेन्द्र, कृपाल सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।