गजरौला। ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी के गांव भारापुर माफी का मुख्य मार्ग जल मग्न है। छात्र-छात्रा और ग्रामीणों को पानी भरे मार्ग से गुजरने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लॉक प्रमुख का गांव होने के साथ ही ग्राम प्रधान भी सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़ी हैं लेकिन इसके बाद भी जल भराव से निजात नहीं दिलाई जा रही है।
भारापुर गांव निवासी महावीर सिंह, राजवीर सैनी, रोबिन सिंह, सुरेंद्र सिंह, चमन सैनी आदि ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि उनका गांव ग्राम पंचायत पाल का मझरा है। गांव का मुख्य मार्ग इस समय जल मग्न है। जबकि गांव से कई गांव के ग्रामीण गुजरते हैं। गजरौला ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी और भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह भी इसी गांव के रहने वाले हैं। ग्राम प्रधान भी सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़ी हैं, लेकिन इसके बाद भी गांव में जल भराव से निजात नहीं दिलाई गई। मुख्य मार्ग पर जल भराव के कारण ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं की साइकिल पानी में गिरने का डर बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ब्लॉक प्रमुख व ग्राम प्रधान से कई बार गुहार लगाई, लेकिन अनसुना कर दिया गया। ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी का कहना है कि कुछ ग्रामीणों के कारण ही मुख्य मार्ग पर पानी भरा है। उन्होंने अपने घर नीचे हो जाने का हवाला देते हुए सीसी रोड का निर्माण के दौरान मिट्टी नहीं डालने दी थी। हालांकि यह रास्ता लोक निर्माण विभाग का है। ग्राम प्रधान अंजू चौहान का कहना है कि काफी समय से कोई किस्त नहीं आने के कारण दिक्कत सामने आ रही है।