गांव में जल रहे जुए की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर देर रात छोड़ दिया। युवक ने जंगल में छिपकर वीडियो बनाई। कहा कि मैं बहुत डरा हुआ हूं। पुलिस ने मेरी बेरहमी से पिटाई की है। पुलिस व जुआरियों से जान का खतरा भी है। पुलिस पर 12 घंटे तक थाने में रखने का आरोप लगाया।
मामला आदमपुर थाना क्षेत्र के सूबरा गांव का है। सोमवार की रात में गांव में खुलेआम जुआ हुआ था। गांव निवासी सुक्खन पुत्र तुलसी ने इसकी मोबाइल फोन से वीडियो बना ली। सुक्खन ने मंगलवार सुबह को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने सुक्खन को हिरासत में ले लिया था। देर रात पुलिस ने सुक्खन को छोड़ दिया। जंगल में छिपकर सुक्खन ने फिर वीडियो बनाई। कहा कि थाने से जैसे ही बाहर निकला तो जुआरियों ने मेरा पीछा किया। वह मुझे मारना चाहते हैं। कीकर वन में छिपकर जान बचाई है। उसने आदमपुर पुलिस व जुआरियों पर जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। कहा कि उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की जाएगी। पुलिस पर पिटाई का आरोप भी लगाया। कहा कि पिटाई से हाथों में छाले व जख्म हो गए हैं।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष आदमपुर शिव कुमार खडगवंशी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त करते हुए डीआईजी से शिकायत कर दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने बात कही है। थाना प्रभारी रामप्रकाश शर्मा का कहना है कि पुलिस पर आरोप निराधार हैं। सुक्खन को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जुए के मामले में 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसमें सुक्खन का नाम भी शामिल है।