अमरोहा। शनिवार और रविवार को जनपद के 34 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। अकेले अमरोहा शहर के भीतर नौ केंद्र बनाए गए हैं। संकरी गलियां होने के कारण जाम लग सकता है। जाम से निपटने के लिए जनपद पुलिस ने अमरोहा, गजरौला, हसनपुर समेत 11 स्थान पर ई-रिक्शा-ऑटो समेत सभी छोटे-बड़े वाहनों को डायवर्ट करने का फैसला लिया है। इसलिए ट्रैफिक प्लान देख कर निकलें। वाहन लेकर शहर के भीतर न जाएं। परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए पुलिस सुबह से ही सड़कों पर रहेगी। मनमानी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-
इन रास्तों से गुजरें
- अमरोहा शहर से नौगांवा बिजनौर की ओर जाने वाला वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा चौराहा से कांठ रोड का प्रयोग करते हुए नूरपुर बिजनौर को जाएंगे।
- अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाइपास होते हुए पाकबड़ा यहां से दिल्ली और मुरादाबाद जाएंगे।
- मुरादाबाद और दिल्ली से अमरोहा आने वाला वाहन पाकबड़ा आकर कैलसा रोड होते हुए अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- बिजनौर से आने वाले वाहन कांठ रोड से कैलसा रोड होते हुए अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- दिल्ली से अतरासी होते हुए अमरोहा में आने वाले वाहन एआरटीओ से कल्याणपुरा रोड से बंबूगढ़ से कांकर सराय कांठ रोड होकर अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- नौगांवा से अमरोहा आने वाला वाहन धनौरा बाइपास से एआरटीओ तिराहा से कल्याणपुरा रोड से बंबूगढ़ से कांकर सराय रोड से कांठ रोड का प्रयोग करते हुए अमरोहा शहर में प्रवेश करेंगे।
- जोया से अमरोहा आने वाले वाहन बंबूगढ़ के बाद कांकर सराय होते हुए कैलसा रोड से अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- दिल्ली या मुरादाबाद की ओर से गजरौला जाने वाले समस्त प्रकार के वाहन भानपुर फाटक से गजरौला में प्रवेश करेंगे।
- हसनपुर से गजरौला की ओर जाने वाले वाहन हसनपुर तिराहे से भानपुर फाटक होकर गजरौला में प्रवेश करेंगे।
- नौगांवा से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के वाहन हुसैनी चौक से नौगांवा धनौरा रोड का प्रयोग करते हुए पत्थर कुटी से दिल्ली की ओर जाएंगे।
नोट:- बंबूगढ़ से लेकर नौगांवा सादात स्थिति रिगल होटल तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा व ऑटो पूर्णरूप से प्रतिबंधित रहेंगे। कोई भी ई-रिक्शा व ऑटो नंदन स्वीट्स से गांधी मूर्ति की ओर नहीं आएगा। सभी कैलसा बाइपास से कांठ रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
-
जिले में दो दिन होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारी पुरी कर ली है। परीक्षा केंद्र शहर के भीतर हैं, अभ्यर्थियों की भीड़ रहेगी। इसलिए जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। सभी वाहन चालक अपने वाहनों का आवागमन शहर के बाहरी मार्गों पर करें।
-धर्मेंद्र खोखर, टीएसआई