आदमपुर(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव आदमपुर में स्थित निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म देने बाद महिला की हालत बिगड़ गई। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। नाराज परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। अस्पताल में तोड़फोड़ की गई। बाद में बिना किसी कार्रवाई के ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
आदमपुर गांव निवासी किसान हीरा सिंह ने अपनी पत्नी अखिलेश (21) को सोमवार रात प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसके बाद उसे गांव के ही स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रात लगभग नौ बजे महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। उसके कुछ देर बार ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। हालत ज्यादा बिगड़ने पर महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जहां महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया और परिजनों ने महिला के शव को अस्पताल में रखकर जमकर हंगामा किया। अस्पताल में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। बाद में गांव के संभ्रांत लोगों के बैठकर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। बिना कार्रवाई के ही परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। यह अखिलेश को पहला ही बच्चा हुआ था। महिला की मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सीओ अरुण कुमार का कहना है कि इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।