अमरोहा। जिले के दो युवा ग्राम प्रधान दिल्ली में आयोजित होने वाले मॉडल यूथ ग्राम सभा पुरस्कार के लिए अमरोहा का प्रतिनिधित्व करेंगे। 28 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में इन प्रधानों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी ग्राम पंचायतों में किए गए नवाचारों व विकास कार्यों को साझा करने का मौका मिलेगा। डीपीआरओ पारूल सिसोदिया ने बताया कि इन दोनों ग्राम प्रधानों का चयन उनके उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर किया गया है। यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का सम्मान है, बल्कि पूरे जिले की पंचायतीराज व्यवस्था के लिए एक प्रेरणा भी है। बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 28 जनवरी को सुबह 10 बजे से होगा। जिसमें अमरोहा ब्लॉक के गांव मखदूमपुर की युवा महिला प्रधान मधु चौधरी व बांसखेड़ी के युवा प्रधान मोहम्मद असद का चयन किया गया है। संवाद