अमरोहा। दिल्ली में रहने वाले अमरोहा निवासी हैदर अली उर्फ राजू इब्ने (35) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करते थे। अमरोहा के रहने वाले उनके परिजन और रिश्तेदार दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं नगर के मोहल्ला पचदरा निवासी अफजाल (52) की भी मौत हो गई। डॉक्टर ने उनकी मौत का कारण भी हार्ट अटैक बताया है।
हैदर अली उर्फ राजू इब्ने मूलरूप से अमरोहा नगर के मोहल्ला दरवारे कलां के रहने वाले हैं। वर्षों पहले वह अपनी पत्नी तराना और दो बच्चों के साथ दिल्ली चले गए थे। पिता नसीम कौसर के इंतकाल के बाद उनकी मां भी उनके साथ रहने लगी थीं। हैदर अली उर्फ राजू इब्ने एक कंपनी में नौकरी करते थे। अमरोहा में रहने वाले मुजाहिद अली ने बताया कि बृहस्पतिवार को हैदर अली की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर ने हार्ट अटैक से मौत की बात कही है। दिल्ली से उनका शव अमरोहा के लिए लाया जा रहा है। उधर, मोहल्ला पचदरा के रहने वाले अफजाल अहमद की भी मौत हो गई। बुधवार को अफजाल अहमद घर पर थे, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उनकी मौत हो गई। जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक होने की बात बताई। बृहस्पतिवार को परिजनों ने उनके शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। मृतक अफजाल अहमद के परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।