अमरोहा। ओमान में दुकान पर नौकरी का झांसा देकर दो सगे भाइयों ने महिला से दो लाख हड़प लिए। उसके बेटे से कपड़े धुलवाने का काम किया गया। जबकि दुकान पर नौकरी के लिए वीजा दिया गया था। किसी तरह महिला ने अपने बेटे को वापस बुलाया और आरोपियों से अपने रुपये मांगे। लेकिन उन्होंने लौटाने से इन्कार कर दिया। महिला से मारपीट और छेड़खानी की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नौगांवा सादात के एक मोहल्ले में मजदूर का परिवार रहता है। मोहल्ले के ही युवकों ने मजदूर के बेटे को विदेश भेजने का झांसा दिया। दुकान पर नौकरी करने की बात कह कर मजदूर के बेटे को ओमान भेज दिया। आरोपियों ने वीजा दुकान पर नौकरी करने की बताई थी लेकिन मजदूर के बेटे को कपड़े धोने के काम पर लगा दिया। इतना ही नहीं युवक को भूखा प्यास रखा गया और खर्च के लिए रुपये भी नहीं दिए। करीब 25 दिन तक काम करने के बाद मजदूर ने अपने बेटे को वापस बुला लिया। आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो वह बहाने बनाने लगे।
मजदूर की पत्नी का आरोप है कि दोनों सगे भाइयों ने दो लाख रुपये हड़प लिए। शुक्रवार को मजदूर की पत्नी आरोपियों के घर रुपये लेने पहुंची तो उसके साथ गाली-गलौज की। मारपीट कर भगा दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा उसने एसपी को शिकायतीपत्र दिया।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मामले में शबी और उसके भाई बाबू के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, छेड़खानी और मारपीट के आरोप में मुकदमा किया गया है।
-