अमरोहा। जिले के मेधावियों ने प्रदेश की सूची में भी अपना जलवा कायम रखा है। अमरोहा के छात्र-छात्राएं प्रदेश में छा गए हैं। हाईस्कूल में दो छात्राएं और इंटरमीडिएट में 11 विद्यार्थी टॉपटेन की सूची में शामिल हुए हैं। 13 विद्यार्थियों में से 11 बेटियों ने अपना कब्जा किया है। बच्चों की कामयाबी पर अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि यूपी में इंटरमीडिएट में 408 बच्चे टॉपटेन की सूची में शामिल हैं। जबकि हाई स्कूल में 159 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। अमरोहा की विद्यार्थी भी प्रदेश की सूची में छा गए हैं। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल में राणा सिंह मेमोरियल सिख इंटर कॉलेज खांडसाल कलां की छात्रा मंतशा ने 97.17 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में आठवीं रैंक हासिल की है। जबकि तुषार पब्लिक इंटर कॉलेज मउद्दीनपुर की छात्रा पलक ने 97 प्रतिशत अंक लेकर नौवां स्थान हासिल किया है। इंटरमीडिएट में रामशरन दास स्मारक इंटर कॉलेज सलेमपुर गोसाई की छात्रा काजल सिंह ने 97. 60 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल की है। वहींं भारत माता इंटर कॉलेज हाईडेरा की छात्रा नूतन यादव और मातेश्वरी कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज चाकरसी की छात्रा राधिका ने पांचवां स्थान हासिल किया है। दोनों को 97 प्रतिशत अंक मिले हैं। मातेश्वरी कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज चाकरसी की छात्रा रिचा आर्य ने 96.60 प्रतिशत अंक पाकर सातवें स्थान पर कब्जा किया है। जबकि राणा सिंह मेमोरियल सिख इंटर कॉलेज खंडसाल कलां के छात्र दीपांशु सिंह ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, उन्हें प्रदेश में आठवां स्थान मिला है। ऐसे ही मॉडर्न गुरुकुल इंटर कॉलेज गुलड़िया की कृतिका देवल ने भी आठवां स्थान हासिल किया है। उन्हें भी शामिल 96 .40 प्रतिशत अंक मिले हैं। इसके अलावा श्रीमती धनवती देवी इंटर कॉलेज लुहारी भूड़ की छात्रा लक्शी और रामपाल सिंह इंटर कॉलेज रजोहा की छात्रा रितिका ने 9वीं रैंक पाई है। दोनों को 96.20 प्रतिशत अंक मिले हैं कृष्ण सारस्वत बाल इंटर कॉलेज घंसूरपुर की छात्रा सुहेलिया और एसकेएम इंटर कॉलेज घंसौरपुर माफी के छात्र हिमांशु शर्मा ने दसवां स्थान प्राप्त किया है। दोनों के 96 प्रतिशत अंक हैं।