गजरौला(अमरोहा)। हाईवे की सर्विस रोड से अवैध कट को पार कर मेन रोड पर चढ़ रही बस की रफ्तार कम होने के कारण उसके पीछे चल रहीं दो कारों को दिल्ली की दिशा से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। मौके पर चीख पुकार मच गई। दोनों कार व बस क्षतिग्रस्त हो गई। बस में दिल्ली के एक स्कूल के बच्चे सवार थे। पुलिस ने क्रेन मंगाकर कारों व बस को हटवाया।
दिल्ली डीएवी स्कूल के बच्चे और स्टाफ दो बसों से शनिवार की सुबह जिम कार्बेट जा रहे थे। दोनों बसों में 40-40 बच्चे और स्टाफ था। उधर पंजाब के पठानकोट का परिवार लक्जरी कार से अयोध्या जा रहा था। दूसरी कार में बागपत व सहारनपुर के दो परिवार थे। वह उत्तराखंड के कैंची धाम जा रहे थे। सुबह आठ बजे दोनों बस और दोनों कार सवार गजरौला थाना क्षेत्र में पहुंचे। भानपुर रेलवे फाटक से कुछ आगे एक होटल के सामने सर्विस रोड पर चल रही बस के चालक ने हाईवे के अवैध कट से बस को अचानक मुख्य सड़क की तरफ मोड़ दिया। इस दौरान बस की रफ्तार कम होने पर उसके पीछे चल रहीं दोनों कार सर्विस रोड पर रुक गईं।
तभी पीछे से आए ट्रक ने दोनों कारों को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से दोनों कार पीछे से बस में जा घुसीं। इस दौरान एक अन्य कार भी बस में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। तीनों कार व बस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर हादसा ग्रस्त तीनों कार व बस को हटवाया। एक कार को चालक लेकर चला गया। दो कार को पुलिस ने कब्जे में लिया और थाने में लाया गया। बस को भी पुलिस ने कब्जे में लिया। कार और बस सवार थाने पहुंच गए। यहां कार सवारों ने बस चालक को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर बस चालक का कहना है कि वह सर्विस रोड से मेन रोड पर चढ़ रहा था। कार चालक अपनी गलती से घुसे हैं। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि घटना की जानकारी है। ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
-