अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे संभल निवासी पत्रकार अमित कुमार व उसके दोस्त को लोगों ने पकड़ लिया। दोनों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। दूसरा आरोपी कुलदीप सिंह असमोली के गांव सैंदरी का प्रधान रह चुका है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
हसनपुर की आदर्श कॉलोनी निवासी अचित कुमार का गजरौला शुक्लपुरी में मंडी समिति रोड पर अल्ट्रासाउंड केंद्र है। अचित कुमार के मुताबिक मंगलवार की शाम पांच बजे दो युवक उनके अल्ट्रासाउंड केंद्र पर आए। अल्ट्रासाउंड कराने की बात कहते हुए अंदर कक्ष में घुस आए। आरोप है कि इस दौरान एक युवक अल्ट्रासाउंड मशीन की वीडियो बनाने लगा। इसके बाद पचास हजार रुपये की मांग कर दी।
कहा कि या तो पचास हजार रुपये दो वरना तुम्हारी वीडियो वायरल कर देंगे। शक लगने पर आस पास के लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने कई अन्य अल्ट्रासाउंड केंद्रों की भी वीडियो बना रखी थी। इसके बाद दोनों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों का चालान किया जा रहा है।