नौगांवा सादात। बेटे की मौत का डर दिखाकर तंत्र क्रिया करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों को नौगांवा सादात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 12 लोग अभी फरार हैं। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। उनके कब्जे से 47400 रुपये बरामद हुए हैं।
एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के कालाडाबरा में किसान चमन सिंह का परिवार रहता है। उनका आरोप था कि घर की परिस्थितियां बिगड़ी होने के कारण एक साल के भीतर उनकी दो पत्नियों की मौत हो गई थी। घर में चार पशु की मर गए थे। बिजनौर जनपद के शिवाला कलां थानाक्षेत्र के गांव इस्माइलपुर का रहने वाले सलीम का उनके घर आना जाना था। तभी उसने बताया कि तुम्हारे घर में शैतानी आत्मा का वास हो चुका है। जिसे हटाने के लिए बिजनौर में रहने वाले बाबा (तांत्रिक) के पास चलना पड़ेगा और घर से शैतानी आत्मा का वास हटवा देंगे। लिहाजा दिसंबर 2022 में चमन सिंह सलीम के साथ तांत्रिक बाबा से मिलने पहुंच गए। यहां तांत्रिक ने भी उन्हीं बातों को दौहराया जो चमन सिंह के साथ बीत चुकी है। उसने ये भी कहा कि यदि शैतानी आत्मा को नहीं हटवाया तो इकलौते जोगेंद्र की बेटे की भी मृत्यु हो जाएगी। तभी आरोपियों ने कहा कि आत्मा का साया हटाने के लिए माता काली, पार्वती, हनुमान जी और भगवान शंकर प्रकट हो गए हैं। इसलिए सोने का त्रिशूल, माता काली के लिए सोने का छत्र, सोने का श्रंगार और एक सोने का नाग देने होंगे। यदि ये सम्मान नहीं दिया तो बेटे की मौत निश्चित है। बेटे की मौत का डर दिखाकर तंत्रक्रिया करने के नाम पर धोखाधड़ी करके पीड़ित चमन सिंह ने 12 बीघा जमीन बिकवाई और 61 लाख रुपये हड़प लिए थे। जब आरोपियों ने घर की जमीन बेचकर 11 लाख रुपये और मांगे तो चमन सिंह को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इस मामले में नौगांवा सादात के बिलना गांव निवासी रहीश, फिरोज, जुबैद, जुनैद, नसीमा, नरगिस, रहमत खान, जमाल, गुलशन, बिजनौर जनपद के इस्माइलपुर के रहने वाले सलीम, धुंधली चांदपुर के रहने वाले जामिन, आश्मीन, मुरादाबाद से कांठ थानाक्षेत्र के शाहपुर निवासी फरियाद और साहीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इस क्रम में बुधवार को मुख्य आरोपी सलीम और उसके साथ रहीश को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 47 हजार 400 रुपये बरामद हुए हैं जो आरोपियों ने हड़पे थे। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।