। स्कूल बस के पहिये से दबकर ढाई वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने नाना के घर रहती थी। नाना परिवार के एक बच्चे को स्कूल बस में बैठा रहे थे, तभी वह पीछे से घर से निकलकर स्कूल बस के पास आ गई और पहिये से दबकर उसकी जान चली गई।
ये हादसा नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के कौराल गांव में हुआ। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया में अंकित का परिवार रहता है। उनकी ढाई वर्षीय बेटी दृष्टा अपने नाना राजू के घर कौराल में रहती थी। मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल की बस कौराल से बच्चों को लेने के लिए आई थी। इस दौरान राजू अपने परिवार के एक बच्चे को बस में बैठा रहे थे। तभी अचानक दृष्टा उनके पीछे-पीछे बस के पास पहुंच गई। दृष्टा का ध्यान न तो उसके नाना ने दिया और न बस चालक ने। जैसे ही चालक बस लेकर चला, तभी पिछला पहिया दृष्टा के ऊपर से उतर गया। हादसे में दृष्टा की मौके पर मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते दृष्टा के पिता अंकित और उसकी मां भी जोया से कौराल पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल की।
थानाध्यक्ष संत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने हादसे को इत्तेफाकिया बताते हुए कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है। फिर भी अगर परिजन तहरीर देते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। बस क्षेत्र के ही एक स्कूल की है।