गजरौला। वाहन चालकों के लिए कानून में किए गए बदलाव से आक्रोशित ट्रक चालकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। थोड़ी देर में हाईवे पर वाहनों की लाइन लग गई। ट्रक चालकों ने कानून को वापस लेने की मांग उठाई। कहा कि यह कानून ट्रक चालकों के खिलाफ है। इससे उनका उत्पीड़न बढ़ेगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। ट्रक चालक पुलिस ने हिरासत में लिए।
शनिवार की दोपहर दो बजे ट्रक चालक अचानक चौपला चौकी क्षेत्र में हाईवे पर आ गए। ट्रक हाईवे पर खड़ा कर जाम लगा दिया। हाईवे पर जाम लगा रहे ट्रक चालकों ने कहा कि सरकार ने कानून में बदलाव कर उनके साथ अच्छा नहीं किया। नए कानून में चालक को दस साल की सजा व सात लाख रुपये के जुर्माने का प्रावधान है, जबकि वाहन चालक को दस हजार रुपये मिलते हैं। नए कानून से उसका उत्पीड़न बढ़ेगा। जाम लगाकर कानून को वापस लेने की मांग उठाई। हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम लगाने की सूचना पाकर थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जाम खुलवाया। इस दौरान पुलिस ने कई ट्रक चालकों को पकड़ लिया। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि हाईवे पर जाम लगाने वाले ट्रक चालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
हाईवे पर ट्रक चालकों द्वारा शनिवार की दोपहर अचानक जाम लगा दिए जाने के कारण वाहनों के पहिए थम गए। कड़ाके की सर्दी में जाम में फंसे लोगों की समझ में यह नहीं आया कि आखिर जाम क्यों लग रहा है। कोई घटना भी नहीं हुई। गंतव्य पर जल्द पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने लगे। जिसमें दोपहिया वाहन कामयाब हो गए। वह लक्ष्मी नगर की गलियों से निकल गए, जबकि कार, ट्रक, बस फंसे रहे। करीब आधे घंटे तक लगे जाम में फंसे लोगों को कड़ाके की सर्दी में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।