अमरोहा के मंडी धनौरा क्षेत्र में साइड नहीं देने पर बाइक सवार दो युवकों ने गन्ना लदे ट्रक चालक की बेरहमी से पिटाई की। युवकों से बचने के लिए चालक एक घर में घुस गया और छत पर जाकर छलांग लगा दी। इसमें वह घायल हो गया। पीड़ित की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गन्ना लदा ट्रक गुरुवार को वेव इंडस्ट्रीज के लिए आ रहा था। आरोप है कि ग्राम पट्टी खादर के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने ट्रक चालक से साइड देने को कहा। इसको लेकर उनके बीच कुछ विवाद हो गया। आजमपुर गांव के पास उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे खींच लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। युवकों से बचने के लिए चालक एक घर में घुस गया। वहां भी उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की गई।
युवकों से अपनी जान बचाने के लिए चालक ने उस मकान की छत पर चढ़कर नीचे छलांग दी। उसके काफी चोट आईं हैं। उत्तेजित युवकों ने ट्रक मेें भी तोड़फोड़ की। चालक को पिटाई के बाद युवक वहां से चले गए। मौके पर भीड़ जमा हो गई। चालक ने अपना नाम आसिफ बताया। कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।