गजरौला। नगर में मानक के अनुसार माल नहीं लगने के कारण टूटी बस्ती मार्ग की सड़क पर बजरपुट से लदे ट्रक का टायर आ जाने से उसकी कमानी टूट गई। गड्ढे में टायर आ जाने के कारण ट्रक फंसने से यातायात बाधित हो गया।नागरिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर पालिका द्वारा दो साल पूर्व बनवाई गई बस्ती मार्ग की सड़क टूट गई है। उसमें जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। गड्ढे लोगों की परेशानी का सबब बने हैं। सोमवार की सुबह बस्ती की तरफ जा रहे बजरपुट से लदे ट्रक का टायर गड्ढे में चला जाने से उसकी कमानी टूट गई। ट्रक गड्ढे में फंस गया। ओवरलोड ट्रक को हटाने का चालक ने भरसक प्रयास किया, लेकिन एक तो गहरा गड्ढा और दूसरा ओवरलोड ट्रक की टूटी कमानी के कारण मार्ग से हटाने में नाकाम रहा। ट्रक फंस जाने के कारण नगर के प्रमुख मार्ग की एक लेन बंद हो गई। नागरिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग अवरुद्घ होने के कारण लेन को बदल कर गुजरना पड़ा। चौधरपुर निवासी ट्रक चालक नसीम ने कमानी टूट जाने के कारण पांच हजार के नुकसान की बात कही है।