जोया। दूसरे राज्यों से ट्रैक्टर चोरी कर बेचने वाले गिरोह का डिडौली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 12 ट्रैक्टर व उपकरण बरामद हुए हैं। बड़ी संख्या में नंबर प्लेट मिलीं। ये आरोपी फर्जी इंजन और चेचिस नंबर गोदकर ट्रैक्टर को बेचते थे। पुलिस ने इस मामले में दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि बुधवार की दोपहर डिडौली इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। तभी चौधरपुर स्थित आफताब की दुकान के पीछे खाली प्लॉट में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिय। जबकि कई लोग मौके से भागने में कामयाब रहे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम आफताब निवासी चकपांयती उर्फ गोसपुर, सद्दाम उर्फ प्रवेज निवासी श्योनाली थाना डिडौली बताया।
पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से दूसरे राज्यों से चोरी किए गए विभिन्न कंपनी के 12 ट्रैक्टर बरामद हुए। बड़ी संख्या में फर्जी नंबर प्लेट मिलीं। एसपी के मुताबिक ये लोग गिरोह बनाकर दूसरे राज्यों से ट्रैक्टर चोरी करते हैं और उनके नंबर प्लेट, चेचिस नंबर, इंजन नंबर बदलकर ऊंचे मॉडल का दर्शाकर अच्छे दामों में चौधरपुर के बाजार में बेच देते हैं।