अमरोहा। ऑपरेशन दूर दृष्टि के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से पुलिस ने तीन घंटे में ही बाइक का बैग फटने से गिरी 7.10 लाख रुपये की नगदी बरामद करते हुए पीड़ित के हवाले कर दी। पीड़ित ने पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोती नगर कॉलोनी निवासी महेंद्र बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक के बैग में सात लाख 10 हजार रुपये रखकर नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव खेड़का में अपने पैतृक घर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार रास्ते में बाइक का बैग फटने से नकदी सड़क पर कहीं गिर गई। थोड़ी दूर आगे निकलने पर महेंद्र सिंह को बैग फटने का एहसास हुआ। बाइक रोककर देखने पर बैग से नगदी गायब मिलने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना टीपीनगर पुलिस चौकी को दी। एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चौकी इंचार्ज सुभाष चौहान ने हेड कांस्टेबल संजय सिंह के साथ नगदी की तलाश शुरू की। ऑपरेशन दूरदृष्टि के तहत बिजनौर रोड पर विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से तीन घंटे में ही सुराग मिलने पर रकम बरामद हो गई। पुलिस ने इस रकम को महेंद्र सिंह के सुपुर्द कर दिया। इससे पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली।