कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी में लगने वाले गंगा मेले की तैयारियों के लिए डीएम ने सभी विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने कहा कि 15 अक्तूबर तक मेले का काम दिखाई देना चाहिए। मेले को बीते सालों के मुकाबले भव्य और दिव्य बनाया जाए।
सोमवार दोपहर 12 बजे तिगरी की अंगूरी धर्मशाला में बैठक होनी थी, लेकिन डीएम डेढ़ घंटे देरी से दोपहर डेढ़ बजे पहुंचीं। बैठक में एडीएम न्यायिक माया शंकर यादव ने बाढ़ खंड के एसडीओ को जल धारा रोकने के निर्देश दिए। कहा, मेले के लिए सड़क बनाने का काम तभी होगा, जब जलधारा बंद हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनोज कुमार को निर्देश दिए कि मेले में सड़क बनाने के लिए निशान लगाने का काम कर दिया जाए। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने एसडीएम मंडी धनाैरा चंद्रकांता को मेला स्थल पर खड़ी फसल कटवाने व मेला स्थल खाली कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अक्तूबर से मेले की तैयारियां तेज कर दी जाएं।
श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो, इसके लिए रोशनी, पेयजल के साथ ही पर्याप्त संख्या में शौचालय बनाए जाएं। मेले में सफाई के पुख्ता इंतजाम करने, महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने, महिला श्रद्धालुओं के स्नान घाट के आसपास सुरक्षा के लिए बनाए जाने वाले मचानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। किसी श्रद्धालु के डूबने की आशंका न रहे, इसके लिए गहरे जल में बैरिकेडिंग लगाने, गंगा किनारे कुशल नाविक व गोताखोर तैनात करने को कहा। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि मेले में प्रत्येक स्नान घाट, सदर चौराहा से लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। हरेक सेक्टर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ब्रजेश त्रिपाठी, डीपीआरओ पारुल सिसोदिया, सीएमओ डॉ.सत्यपाल सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
सीओ ने डीएम की बैठक से बाहर किए मीडियाकर्मी
गजरौला। तिगरी गंगा मेले की तैयारियों की डीएम की अध्यक्षता में हो रही बैठक की कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों को सीओ ने बाहर कर दिया। कहा, बैठक के बारे में बाइट दे दी जाएगी। सूचना विभाग की ओर से मीडिया को तिगरी में मेले के संबंध में जानकारी मिली। अंगूरी धर्मशाला में बैठक चल रही थी। डीएम बोल रही थीं। इस बीच सीओ मंडी धनौरा मीडियाकर्मियों को बाहर जाने के लिए कह दिया।