चौपला पर 160 प्राइवेट बसों से प्रति बस सात सौ रुपये की अवैध वसूली करने और विरोध पर जान से मारने की धमकी देने के चार दिन बाद एक और मामला इसी तरह का सामने आया है। इस बार संभल के गवां कस्बा निवासी प्राइवेट बस चालक ने दो सगे भाइयों सहित तीन आरोपियों पर सवारी भरने के नाम पर 11 हजार रुपये की अवैध वसूली करने और विरोध पर जान से मारने की धमकी देने का अभियोग दर्ज कराया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जिला संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा गवां निवासी सलमान गजरौला चौपला से आनंद विहार तक प्राइवेट बस चलाता है। यह बस उसने किराए पर ले रखी है। सलमान का आरोप है कि गजरौला के मोहल्ला सैफी नगर के आदिल व उसका भाई आमिर और इसी मोहल्ले का सोनू दिन भर चौपला पर रहकर वाहनों से अवैध वसूली करते हैं। चौपला पर सलमान से बस में सवारी भरने के एवज में 11 हजार रुपये की अवैध वसूली करते हैं।वह विरोध करता है तो उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस ने उसकी तहरीर पर तीनों के खिलाफ अवैध वसूली करने व विरोध पर जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। सीओ ने बताया कि चार दिन पूर्व दर्ज कराए गए मुकदमे में वांछित भूरे व कलुआ की गिरफ्तारी को लगातार दबिश दी जा रही है। संवाद