दवा लेने गए परिवार के बंद घर का ताला तोड़ कर दाखिल हुए चोर सोने-चांदी के आभूषण, दस हजार रुपये की नकदी समेत एक लाख रुपये का सामान समेट कर ले गए।
अल्लीपुर चौपला पर एक निजी अस्पताल के पीछे रहने वाले अर्जुन सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। इस समय उनकी पत्नी रेखा बीमार चल रही है। वह घर का ताला लगाकर मंगलवार को पत्नी को दवा दिलाने गाजियाबाद गए थे। इस बीच उनके घर में चोर ताला तोड़ कर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़ा और उसमें रखे दस हजार रुपये व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार को घर लौटते तो ताला टूटा देख उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। अंदर देखा सेफ के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।