अमरोहा। सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए ब्रजघाट और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगी है। उनकी सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस ने हाईवे पर ट्रैफिक प्लान लागू किया है। रविवार दोपहर 12 बजे से 11 अगस्त की दोपहर 12 बजे तक हाईवे पर जीरो ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी। दोनों लेन पर छोटे वाहनों का संचालन बंद रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। ट्रैफिक प्लान के तहत दोनों लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेंगी। मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली लेन से कांवड़िये ब्रजघाट की तरफ गंगाजल लेने जाएंगे, जबकि लौटते समय दिल्ली से मुरादाबाद की दिशा वाली लेन का इस्तेमाल करेंगे। व्यवस्था के लिए हाईवे की दोनों लेन पर करीब 100 स्थानों पर ड्रम बैरियर लगाए गए हैं और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस हाईवे की निगरानी करेगी और प्रतिबंधित लेन में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करेगी। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि एंबुलेंस समेत अन्य इमरजेंसी वाहन भी हाईवे पर अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। जीरो ट्रैफिक व्यवस्था 11 अगस्त की दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगी। इसके बाद दोनों लेन पर सामान्य वाहनों का संचालन शुरू होगा। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद