गजरौला (अमरोहा)। पितृ विसर्जन अमावस्या पर तिगरी गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं को जाम से जूझना न पड़े। इसके लिए दोपहिया वाहन सवार श्रद्धालु तिगरी गेट से बाढ़ खंड की चौकी पर वाहन खड़े कर पैदल गंगा तक पहुंचेंगे। जबकि ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य चार पहिया वाहन चेक पोस्ट से मोहरका पट्टी वाले मार्ग से गुजर कर गंगा स्नान घाट तक पहुंच सकेंगे।
शनिवार को पितृ विसर्जन अमावस्या पर ब्रजघाट व तिगरी में लाखों श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर पितरों का तर्पण करेंगे। ब्रजघाट के मुकाबले तिगरी में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहेगी। दूर-दराज के श्रद्धालु रात में ही गंगा किनारे पहुंच जाएंगे। स्नान का सिलसिला शुक्रवार की आधी रात के बाद से ही शुरू हो जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण तिगरी-गजरौला मार्ग पर जाम लगने की संभावना है, मगर जाम न लगे, इसके लिए पुलिस ने कवायद शुरू की है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि तिगरी जाने वाले ट्रैक्टर ट्राली के साथ ही चार पहिया वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
सुरक्षा के यह रहेंगे इंतजाम
गजरौला। पितृ अमावस्या पर श्रद्घालुओं की सुरक्षा के लिए खासे इंतजाम रहेंगे। सीओ ने बताया कि तिगरी में चेक पोस्ट पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। घाटों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। स्नान घाटों पर 12 गोताखोरों की ड्यूटी रहेगी। एक प्लाटून फ्लड पीएसी जवान तैनात किए जाएंगे। ताकि किसी को डूबता देख तत्काल बचाया जा सके। सीओ के मुताबिक थाना पुलिस के अलावा एसपी ऑफिस से मिलने वाले 100 सिपाही और 25 उपनिरीक्षकों को घाटों पर ही तैनात किया जाएगा।
यहां से गुजारे जाएंगे वाहन
1- तिगरी में जिला पंचायत के गेट सामने से दो पहिया वाहनों की ही होगी एंट्री
2-तिगरी में जाकर दो पहिया वाहनों को घाट से कुछ दूर ही रोक दिया जाएगा
3-श्रद्घालुओं के ट्रैक्टर ट्राली पुलिस चेक पोस्ट पर रोक दिए जाएंगे
4-ट्रैक्टर ट्राली और अन्य चार पहिया वाहन मोहरका पट्टी से गंगा की तरफ जाएंगे
5-श्मशान घाट एवं मेला स्थल के निकट ट्रैक्टर ट्राली व चार पहिया वाहनों की
पार्किंग रहेगी
6-स्नान कर लौटने वाले ट्रैक्टर ट्राली एवं अन्य चार पहिया वाहनों को तिगरी-गजरौला मार्ग पर नहीं आने दिया जाएगा
7-श्रद्धालुओं के स्नान कर लौटते ट्रैक्टर-ट्राली और चार पहिया वाहनों को ओसीता जगदेवपुर व कांकाठेर से गुजारा जाएगा