रहरा। प्रेमिका से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान युवक की कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक ने जंगल में फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई की शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस जानकारी से इनकार कर रही है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव में 22 वर्षीय युवक बृहस्पतिवार की रात लगभग 10 बजे से मोबाइल पर प्रेमिका से बात कर रहा था। इस दौरान किसी बात को लेकर प्रेमिका से कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक घर से गायब हो गया। परिवार के लोगों ने काफी तलाश किया, लेकिन युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण जंगल में शौच के लिए निकले। इस दौरान कीकर वन में नीम के पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक के शव को फंदे से नीचे उतारा और शव को घर ले गए। जहां आनन-फानन में बिना कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ दीप कुमार पंत ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।