तहसील के सीमांत गांव रसूलपुर भांवर के जंगल में फैला गंगा का पानी
- फोटो : DHANAURA
पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी धनौरा। पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर से तहसील के खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। गंगा का पानी तहसील के रसूलपुर भांवर गांव के जंगलों में पहुंच गया है। इस पर प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी है।
पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों पर पड़ता है। बिजनौर बैराज से निकाले गए पानी से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। गंगा नदी का पानी तहसील के सीमांत गांव व तटबंध के दूसरी ओर बसे गांव रसूलपुर भांवर के जंगलों में पहुंच गया है। रसूलपुर भांवर के ग्रामीणों को जानवरों के लिए चारा लेने के लिए अब पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर थोड़ा सा भी बढ़ गया तो गंगा नदी का पानी गांव के पास तक आ जाएगा। दूसरी ओर खादर क्षेत्र में तटबंध निर्माण का कार्य कई स्थानों पर अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध निर्माण अधूरा होने की वजह से बाढ़ आने की स्थिति में पानी गांवों में घुस सकता है। वहीं, प्रशासन ने भी बाढ़ की आशंका के मद्देनजर बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। वहां लेखपालों की तैनाती कर दी गई है। उपजिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि फिलहाल गंगा नदी का पानी गांवों में पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। गंगा नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी जा रही है।