अमरोहा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए निर्माण और चौड़ीकरण की योजनाओं को मंजूरी मिली है। हसनपुर-रहरा गंवा से करनखाल होते हुए गंगाचोली मार्ग और बिजौरा, रखेड़ा, भीमा ठीकरी व लुहारी खादर होते हुए दयावली खालसा तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। हाईवे नारंगपुर से ढक्का मोड़ तक करीब 14 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। वर्तमान में पांच मीटर चौड़ी इस सड़क को सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और सड़क संपर्क बेहतर होगा। इसके अलावा बिजौरा, रखेड़ा, भीमा ठीकरी एवं लुहारी खादर होते हुए हसनपुर दयावली खालसा तक 8.15 किलोमीटर और हसनपुर-रहरा गंवा से करनखाल होते हुए गंगाचोली मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। यह करीब 6.5 किलोमीटर लंबा है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों की हालत ठीक हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गिरीशचंद ने बताया कि इस संबंध में धनराशि मंजूर हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।