गजरौला। ज्येष्ठ दशहरा पर गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व अन्य व्यवधान न हो इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 18 स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वहीं गोताखोर मुस्तैद रहेंगे। एसडीआरएफ एक प्लाटून, दो प्लाटून पीएसी जवानों के साथ ही 205 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
गजरौला क्षेत्र के तिगरी में ज्येष्ठ दशहरा पर 40 हजार से अधिक श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे। इसके अलावा ब्रजघाट में व अमरोहा जिले की सीमा में पड़ रही गंगा में भी हजारों श्रद्धालु स्नान करेंगे। स्नान के दौरान हाईवे व गजरौला से तिगरी तक जाम न लगे और श्रद्धालुओं के साथ किसी तरह की घटना न हो, इसके लिए जीरो बांध यू टर्न, मोहम्मदाबाद कट,कांकाठेर कट पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। ब्रजघाट गंगा पुल पर मोबाइल पार्टी तैनात रहेगी। ब्रजघाट से बिजौरा और बिजौरा से शहवाजपुर डोर तक बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों को मुस्तैद किया जाएगा।
ख्यालीपुर ढाल के कट, तिगरी घाट, तिगरी बैंक से गंगा घाट, तिगरी में परिषदीय विद्यालय से चौक तक, चौक से शिव मंदिर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इंद्रा चौक से फाजलपुर फाटक, कुमराला तिराहा व पार्किंग स्थल पर पुलिस कर्मी मुस्तैद रहेंगे। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि 18 स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। दस इंस्पेक्टर, 40 दरोगा, पांच महिला दरोगा, 20 मुख्य आरक्षी, 100 सिपाही, 20 महिला पुलिसकर्मी, दो प्लाटून पीएसी जवान, दस यातायात पुलिसकर्मियों के साथ एक प्लाटून एसडीआरएफ के जवान मुस्तैद रहेंगे। मांगा गया पुलिस बल, पीएसी जवान व एसडीआरएफ जवान शनिवार की सुबह तक जिले में पहुंच जाएंगे।
लगाई जाएंगी बल्लियां, गहरे में न जाएं श्रद्धालु
गजरौला। वैसे इस समय तिगरी गंगा में जल बहुत अधिक नहीं है। मगर ज्येष्ठ दशहरा पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। दूर दराज के श्रद्धालु तड़के ही गंगा तट पर पहुंच जाते हैं। जिससे भीषण गर्मी से बचने के लिए वह जल्द स्नान कर घर लौट सकें। वहीं गंगा तट पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के साथ ही उनको स्नान कराया जाता है। स्नान करते समय किसी तरह का हादसा न हो, इसलिए गंगा जल में बल्लियां लगाई जाएंगी। इंस्पेक्टर हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को गहरे जल में नहीं जाने दिया जाएगा। उनको रोकने के लिए गंगा किनारे पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। संवाद
-