ये घटना अमरोहा कोतवाली क्षेत्र के बिजनौर रोड पर स्थित अटल चौराहे पर हुई। नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव मूंढ़ाखेड़ा निवासी आलोक शर्मा किसान है। बुधवार को वह पत्नी स्वाति शर्मा के साथ बाजार में खरीदारी करने आए थे। शाम सात बजे घर लौटते समय जैसे ही बाइक सवार दंपती बिजनौर रोड पर अटल चौक के पास पहुंचे, तो उन्होंने समान को ठीक से रखने के लिए बाइक रोकी। इस बीच पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाश बाइक लेकर आगे निकले और पेट्रोल पंप के पास से वापस लौटे। इससे पहले दंपती कुछ समझ पाते बाइक सवार बदमाश स्वाति शर्मा को धक्का देकर उनके हाथ से पर्स लूट कर भाग निकले।
दंपती के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी आ गई। पीड़ित दंपती कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस लूट की घटना में पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।