सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष के बंद घर के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी-जेवरात समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। चोर घर में घुसते और निकलते सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित सपा नेता के अधिवक्ता भाई ने तहरीर दे दी है। फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पचदरा की है। यहां पर शाहनवाज का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटे हैं। दूसरे नंबर के बेटा इमरान चड्ढा सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हैं। जबकि छोटा बेटा राहिल चड्ढा एडवोकेट है। वह कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। आरोप के मुताबिक पिछले दो दिन से मोहल्ले में बिजली का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। जिस कारण इनवर्टर भी ठप हो गए। लिहाजा इमरान चड्ढा अपने माता-पिता और भाइयों के साथ मोहल्ला जट बाजार स्थित दूसरे मकान पर चले गए थे। घर में ताला पड़ा हुआ था।
बुधवार की सुबह करीब 8 बजे उनके पिता शाहनवाज घर लौटे तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। घर के भीतर तिजोरी-अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे। जिसमें रखी नगदी और जेवरात गायब थे। घर का सभी सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की खबर मिलते ही सभी परिजन मौके पर पहुंच गए। आस-पास के मोहल्ले वालों की भी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। सपा नेता के छोटे भाई राहिल चड्डा एडवोकेट ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नगदी, जेवरात व अन्य सामान की कीमत कितनी होगी, देर रात तक यह स्पष्ट नहीं हो सका। घर में घुसते और निकलते चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस फुटेज के आधार पर आगे कार्रवाई कर रही है।