अमरोहा। मंडी चौब में हाईटेंशन लाइन को ठीक करने के बाद खंभे से उतर रहे लाइनमैन को अचानक करंट लग गया। जिसमें वह बुरी तरह झुलस गया। बताया जा रहा है कि लाइन जोड़ते ही बिजलीघर से आपूर्ति सुचारु कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला तकिया मोतीशाह निवासी उमेश संविदा कर्मचारी है। बृहस्पतिवार देर शाम वह अपने साथियों के साथ मंडी चौब में हाईटेंशन लाइन को ठीक करने गया था। लाइन ठीक करने से पहले डबल लाइन बिजलीघर से शटडाउन लिया था। साढ़े सात बजे वह उमेश ने खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करते हुए साथियों को बताया। उसके बाद साथियों लाइन ठीक होने की सूचना बिजलीघर को दी। अभी उमेश खंभे से उतर रहा था, तभी आपूर्ति चालू कर दी गई। वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह खंभे पर ही बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद साथियों ने बिजली बंद कराई। उसे नीचे उतारकर पहले सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
एसडीओ जीडी प्रजापति ने बताया कि लाइनमैन नीचे उतर ही रहा था कि तभी सप्लाई चालू कर दी गई। जिससे वह झुलस गया है। लाइनमैन का उपचार किया जा रहा है। वहीं, इसकी जांच भी कराई जा रही है।