अमरोहा। अधिवक्ता कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन व तहसील बार एसोसिएशन नौगांवा सादात ने हसनपुर तहसील में चल रहे आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कार्य से विरत रहकर डीएम, एसडीएम को ज्ञापन सौंपे। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनोज कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि तहसील बार एसोसिएशन हसनपुर ने तहसील हसनपुर के राजस्व एवं चकबंदी न्यायालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में तथा धारा 34, 35 यूपीआरसी के अन्तर्गत नायाब तहसीलदार हसनपुर द्वारा नियम विरुद्ध लेखपाल रिपोर्ट तलब किए जाने के विरोध में 28 मई से आन्दोलनरत हैं। जिसके अन्तर्गत सभी न्यायालयों का विरोध जारी है। बार एसोसिएशन तहसील हसनपुर पदाधिकारियों द्वारा समर्थन मांगा था। इसी के मद्देनजर एक दिन का कार्य बहिष्कार कर डीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान सतवीर सिंह चौहान, सतीश कुमार, अनिल शर्मा, शमीम अहमद तुर्क, राजेश कुमार राणा, मधुर अग्रवाल आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। वहीं, तहसील बार एसोसिएशन, नौगांवा सादात के अध्यक्ष सैय्यद शबाब आब्दी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया। इस दौरान महासचिव राजपाल सिंह गोला, सैयद हुसैन हैदर, कपिल यादव, विजेन्द्र सिंह, महीपाल सिंह, फहीमुद्दीन मन्सूरी आदि मौजूद रहे।