फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: स्कूल पहुंची जांच कमेटी, शिक्षकों के बयान दर्ज किए

विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। गजरौला के सुल्तानठेर के कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक संजीव कुमार की आत्महत्या के मामले में डीएम द्वारा गठित जांच कमेटी बृहस्पतिवार को स्कूल पहुंची। एक-एक कर शिक्षकों के बयान दर्ज किए। इसके बाद टीम प्रधानाध्यापक के घर भी पहुंची। परिजनों से सांत्वना जताते हुए मामले की जानकारी ली। उनके बेटे के बयान लिए।
विज्ञापन

गजरौला के सुल्तानठेर के कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने एक अक्तूबर को स्कूल के कक्ष में ही फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उन्होंने सुसाइड नोट भी लिखा था। जिसमें उन्होंने स्कूल के ही शिक्षक दंपति राघवेंद्र व सरिता और बीएसए डॉ. मोनिका पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। वहीं, सुसाइड नोट में एक रजिस्टर के 18 पन्नों में सुसाइड की पूरी दास्तां दर्ज होने की बात कही गई थी। जिसको पुलिस ने अपनी सुपुर्दगी में ले लिया था।
संजीव के बेटे अनुज कुमार ने राघवेंद्र, सरिता और बीएसए डॉ. मोनिका पर आत्महत्या के लिए उकसाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए डीएम निधि गुप्ता वत्स ने चार सदस्यीय जांच टीम एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव के नेतृत्व में गठित की थी। इसमें सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, एएसपी राजीव कुमार सिंह व डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह को भी शामिल किया गया था। बृहस्पतिवार को जांच टीम सुल्तानठेर के कंपोजिट विद्यालय पहुंची, जहां टीम ने शिक्षकों और स्टाफ से अलग-अलग पूछताछ करते हुए उनके बयान दर्ज किए। इसके बाद टीम प्रधानाध्यापक के घर भी पहुंची तथा घटना के प्रति संवेदना व्यक्त की। घटना को लेकर टीम ने उनके बेटे अनुज के बयान भी दर्ज किए। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव ने बताया कि जांच फिलहाल चल रही है। पूरी होने के बाद डीएम को जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
विज्ञापन

बीएसए ने भी बनाई दो सदस्यीय जांच कमेटी
अमरोहा। प्रधानाध्यापक के आत्महत्या करने के मामले में बीएसए डॉ. मोनिका ने भी विभागीय जांच कमेटी बनाई है। इसके लिए बीईओ मुख्यालय के नेतृत्व में दो सदस्यीय कमेटी मामले की जांच करेगी। वहीं, मामले में आरोपी शिक्षक दंपती को निलंबित कर दिया गया है। गजरौला के सुल्तानठेर कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक संजीव कुमार की आत्महत्या प्रकरण की जांच के लिए डीएम ने जांच कमेटी का गठन किया गया है। डीएम ने बनाई जांच कमेटी ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। वहीं, अब बीएसए ने मामले की विभागीय जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। जांच टीम में बीईओ मुख्यालय के नेतृत्व में दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जोकि विभागीय जांच पूरी करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, बीएसए ने बुधवार देर रात आरोपी शिक्षक दंपति राघवेंद्र व सरिता को निलंबित कर दिया है।
घटना से सहमे बच्चे नहीं पहुंच रहे स्कूल
अमरोहा। सुल्तानठेर के कंपोजिट स्कूल का माहौल फिलहाल बदला हुआ है। प्रधानाध्यापक के स्कूल में आत्महत्या करने के बाद बच्चे डरे और सहमे हुए हैं। बृहस्पतिवार को स्कूल में बच्चों की संख्या न के बराबर रही। केवल 15 बच्चे ही स्कूल पहुंचे और शिक्षण कार्य भी ठीक से नहीं हो सका।
कंपोजिट स्कूल सुल्तानठेर का परिसर हर रोज बच्चों से गुलजार रहता था। स्कूल में करीब 430 बच्चों का पंजीकरण है। इसमें हर रोज 80 फीसदी से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए पहुंचते थे। लेकिन, अक्तूबर माह की पहली तारीख से स्कूल का माहौल बदला हुआ है। स्कूल के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने अपने कक्ष में तनाव के चलते अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह के समय हुई घटना के बाद अनजान बच्चे स्कूल पहुंचे तो घटना की बाबत सुनकर सहम गए।
घटना के बाद बच्चों को वापस लौटा दिया गया था। अगले दिन दो अक्तूबर होने के चलते बच्चे कम ही पहुंचे थे, लेकिन बृहस्पतिवार को भी लगभग 15 बच्चे ही स्कूल में आए। हालांकि, शिक्षक विद्यालय पहुंचे थे। शिक्षकों का कहना है कि घटना को लेकर बच्चे ही नहीं, बल्कि शिक्षक भी सहमे हुए हैं। सामान्य होने में थोड़ा वक्त जरूर लगेगा। शिक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि जरूरी अभिलेख अधिकारियों के पास होने के चलते हाजिरी नहीं लग सकी। अधिकारियों के निर्देश पर नया उपस्थिती रजिस्टर बनाया जाएगा। स्कूल पहुंचने पर बच्चों को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें