गजरौला के सुल्तानठेर के कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक संजीव कुमार द्वारा आत्महत्या करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को प्रधानाध्यापक के परिजनों ने डीएम से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा, दोषियों को बर्खास्त किया जाएं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए। डीएम ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जो भी दोषी होगा, उसे कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानाध्यापक संजीव कुमार के आत्महत्या करने के मामले स्कूल में तैनात शिक्षक दंपती व बीएसए के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वहीं, डीएम ने भी जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी। बृहस्पतिवार को डीएम द्वारा बनाई कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, शुक्रवार को मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रधानाध्यापक के परिजन कलक्ट्रेट पहुंचे तथा दोषियों को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की। कहा, आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं। वह जांच को भी प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए उन्हें नौकरी से बर्खास्त करना चाहिए।
परिजनों ने डीएम निधि गुप्ता वत्स से न्याय की गुहार लगाई। कहा, बीएसए कार्यालय से भी उनको सहयोग की उम्मीद नहीं है। इस पर डीएम ने बीएसए को तत्काल फोन कर संजीव कुमार के संबंध में जरूरी दस्तावेजाें को प्राथमिकता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसको कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने के प्रयास किए जाएगा। जरूरत हुई तो शासन स्तर से कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। डीएम से मुलाकात करने वालों में प्रधानाध्यापक के पुत्र अनुज सिंह समेत रामपाल सिंह, आशीष कुमार, राहुल सिंह, वरुण कुमार, प्रशांत कुमार, हर्ष चौधरी आदि शामिल रहे।