मोहल्ला सुभाष नगर में स्थित एक मेडिकल स्टोर से मुंह पर कपड़ा बांधे युवती ने गल्ले में रखी 90 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना के समय दवा विक्रेता खाना खाने घर गए थे। वापस आने पर गल्ले में रखी नकदी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
मोहल्ला सुभाष नगर में खुशी मेडिकल स्टोर से दवा की दुकान है। दवा विक्रेता मोहम्मद नसरूद्दीन रोजाना दोपहर में खाना खाने शटर को काउंटर तक बंद कर घर जाते हैं। सोमवार को भी वह घर खाना-खाने गए थे। करीब आधे घंटे बाद वापस आए तो दुकान की दराज खुली थी और दराज में रखी नकदी गायब थी। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, जिसमें चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवती दुकान में प्रवेश करती दिखाई दे रही है। युवती ने कुछ ही देर में काउंटर की दराज खोलकर उसमें रखी नकदी साफ की और तेजी से निकल गई। दवा विक्रेता ने बताया कि दराज में करीब 90 हजार रुपये की नकदी रखी थी। दवा विक्रेता मोहम्मद नसरूद्दीन की ओर से पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है।