सैदनगली नगर पंचायत के मोहल्ला सब्दलपुर सर्की के पास अमरख के बाग में एक सितंबर की सुबह संभल के किसान की सिर में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। लहूलुहान शव बाग में ही चारपाई पर पड़ा मिला था। शव की शिनाख्त शूरवीर (45) निवासी गांव बहरामपुर बुजुर्ग थाना नखासा जनपद संभल के रूप में हुई थी। बुधवार को घटना का खुलासा करते हुए सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि शूरवीर की हत्या के मामले में पुलिस ने गहनता से जांच की। ऑपरेशन दृष्टि के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से शक होने पर आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरसल निवासी प्रेमपाल उर्फ खजान को उझारी ढबारसी रोड निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। प्रेमपाल शूरवीर का दोस्त था। जिस दिन शूरवीर गायब हुआ था। उस दिन प्रेमपाल को किसान के साथ देखा था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। बताया कि 31 अगस्त को शूरवीर के साथ गदाला लेने के लिए सैदनगली आया था। यहीं पर दोनों ने शराब पी थी।
मामूली बात को लेकर हुई थी कहासुनी
इसके बाद शूरवीर ने प्रेमपाल से खाना खिलाने की जिद की थी। नाराज होकर नहर की पटरी से होते हुए बगिया में पहुंच गए। जहां पर मामूली बात पर दोनों में कहासुनी हो गई थी। शूरवीर ने प्रेमपाल को थप्पड़ मार दिया था। इससे गुस्साए आरोपी ने गदाला से सिर व चेहरे पर वार कर शूरवीर की हत्या कर दी थी। इसके बाद शूरवीर की बाइक लेकर चला गया था। बाइक को उसी के गांव के पास खड़ी करके अपने गांव आ गया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गदाला बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।