शनिवार को बीएसए ने विकास खंड गंगेश्वरी के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय देहरी खादर और उच्च प्राथमिक विद्यालय रहरा का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय देहरी खादर विकास खंड गंगेश्वरी में चार सहायक अध्यापकों में से तीन उपस्थित मिले। दो शिक्षामित्रों में से एक अनुपस्थित मिला। उच्च प्राथमिक विद्यालय देहरी खादर में दो में से एक ही अध्यापक मिले। प्राथमिक विद्यालय देहरी खादर में नामांकन 175 के सापेक्ष 82 विद्यार्थी उपस्थित मिले।
विद्यालय में खाना मेन्यू के अनुसार पाया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय देहरी खादर में छात्र नामांकन 50 के सापेक्ष 24 उपस्थित मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालय रहरा में शैक्षिक गुणवत्ता ठीक नहीं मिली। शिक्षक डायरी नहीं मिली। शौचालय व रसोई घर की साफ-सफाई ठीक नहीं पाए जाने पर दो शिक्षकों का स्पष्टीकरण तलब किया। इसके अतिरिक्त कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय निरीक्षण में खाने की गुणवत्ता ठीक मिली। वार्डन को निर्देशित किया कि किचन गार्डेन विकसित किया जाए तथा शौचालय की साफ-सफाई नियमित रूप से की जाए। खराब पंखों व लाइट को ठीक कराया जाए।