अमरोहा। लखनऊ में निवेश महाकुंभ की तर्ज पर कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय निवेश कुंभ आयोजित हुआ। इसमें पच्चीस करोड़ से कम का निवेश करने वाले 77 उद्यमी शामिल हुए, जबकि 31 उद्यमी लखनऊ पहुंचे। अधिकारियों ने दावा किया जिले में 108 उद्यमी 5070 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। उनके प्रस्ताव मिल चुके हैं। इससे जिले में 30 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि ये हम सबके लिए बहुत ही गर्व का विषय है कि भारत में 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था का जो लक्ष्य रखा है, उसमें 1 ट्रिलियन डॉलर अकेले उत्तर प्रदेश का है। जिले में 5070 करोड़ का निवेश विकास के नए आयाम देगा।
कहा कि प्रदेश स्तरीय निवेश महाकुंभ में देश के अलावा 50 देशों के उद्यमियों ने लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में प्रतिभाग किया है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 1 ट्रिलियन डॉलर करने के लिए सभी ने हर्ष और उत्साह के साथ एमओयू में हस्ताक्षर किए हैं। उद्योग स्थापित होंगे तो अवश्य ही उत्तर प्रदेश और जिले में विकास के पंख लग सकेंगे।
डॉ. ढिल्लो ने बताया कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार में 2018 में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था। इसमें लगभग 4 लाख 68 हाजर करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिले थे। इसमें तीन लाख करोड़ रुपये का धरातल पर इन्वेस्टमेंट हो चुका है। जनपद में 5070 करोड़ के निवेश होगा ये बहुत बड़े गर्व की बात है।
डीएम बीके त्रिपाठी कहा कि 25 करोड़ के नीचे के 77 इन्वेस्टर्स को जिला स्तरीय निवेश कुंभ पर बुलाया गया है, जबकि 31 इन्वेस्टर्स को लखनऊ बुलाया गया। जनपद में 5070 करोड़ का निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इससे अवश्य ही जनपद प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा और करीब 30 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
डीएम ने उद्यमियों ने कहा कि आप लोग निर्भीक होकर जनपद में इन्वेस्ट करें। वित्तीय एनओसी या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए एकल खिड़की व्यवस्था प्रदान की गई है, जिसमें सभी सुविधाएं एक ही जगह से मिल सकेगी।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ऋषि पाल नागर, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ओमप्रकाश गोला, अपर जिला अधिकारी भगवान शरण, अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार आदि रहे।