अमरोहा। फरवरी माह आधा बीतने के साथ ही मौसम में भारी बदलाव होने लगा है। दिन और रात के तापमान में इन दिनों भारी अंतर महसूस किया जा रहा है। ऐसे में जरा सी लापरवाही स्वस्थ लोगों की सेहत भी बिगाड़ रही है। शनिवार को दिन में धूप खिली रही तो तापमान अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा, लेकिन रात होते ही न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पहुंच गया।
मौसम का उतार चढ़ाव लोगों को बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित कर रहा है। सीएमएस डॉ. प्रेमापंत त्रिपाठी ने बताया कि मौसम में आए परिवर्तन के कारण लोगों की लापरवाही उनकी सेहत पर भारी पड़ रही है। तापमान भले ही बढ़ रहा हो, लेकिन सुबह और शाम सर्दी महसूस हो रही है। इसलिए लोग गर्म कपड़े पहनने में लापरवाही बिल्कुल नहीं करें। सर्दी का असर होने के बाद जुकाम, खांसी, वायरल बुखार, पसलियों और सीने में दर्द जैसी शिकायतें बढ़ सकती हैं। बताया कि इन दिनों जिला अस्पताल की ओपीडी में भी बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं। सर्दी की शिकायत होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें।
-
घरेलू उपायों से सुधार सकते हैं सेहत
आयुर्वेदाचार्य डॉ. फाइक अली ने बताया कि मौसम के बदलाव के हिसाब से हमारा शरीर वातावरण में हो रहे बदलाव को झेल नहीं पाता है और मौसमी रोगों के शीघ्र शिकार हो जाता है। इसके लिए आयुर्वेद में कई ऐसे घरेलू उपाय बताए गए हैं, जिनका नियमित रूप से इस्तेमाल करके आप मौसम के असर को कम कर सकती हैं।
-
- दूध में हल्दी डालकर पिएं, इससे कफ और जुकाम में राहत मिलेगी।
- अदरक, तुलसी और काली मिर्च वाली एक कप गर्म चाय भी फायदेमंद साबित होगी।
- जुकाम के लिए हल्दी जलाकर इसका धुआं लें। इससे तत्काल आराम मिलेगा।
- लहसुन की कलियों को उबालकर पिएं, सर्दी-जुकाम में शीघ्र ही लाभ मिलेगा।
- तुलसी की पत्तियों का काढ़ा का इस्तेमाल करें।
- ठंडे पानी का सेवन करने से बचें।
- मौसमी फलों का सेवन करने से इम्युनिटी बढ़ेगी।
-