क्षेत्र के गांव गंगानगर में नाव डूबने की वजह से बही तीस वर्षीय महिला का तीसरे दिन घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर शव मिला है। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के गांव गंगानगर गंगा किनारे बसा हुआ है। यहां रहने वाले लोग रोजाना की तरह बृहस्पतिवार सुबह को नाव में बैठकर गंगा पार पशुओं के लिए चारा लेकर वापस लौट रहे थे। नाव में गंगानगर निवासी प्रगनाथ, शीशपाल, नरेश, ओंकार, अंजू, माया, आनंद, आरती, नन्ही, प्रेम सिंह व ममता समेत समेत करीब 20 ग्रामीण सवार थे। गंगा में पानी का तेज बहाव होने व नाव में ज्यादा वजन हो जाने की वजह से नाव बीच गंगा में डूब गई थी। अधिकांश लोग तैरना जानते थे इसलिए बाहर निकल आए। जबकि तीस वर्षीय महिला नन्नी लापता हो गई थी।
एसडीएम सुधीर कुमार ने महिला की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया था। तीसरे दिन महिला का शव घटनास्थल से तीन किलो मीटर की दूरी पर गंगा किनारे पानी पर उतराता मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी वररुण कुमार ने बताया कि गंगा में डूबी महिला का शव बरामद हो गया है।