चूल्हे पर रखा कुकर तेज धमाके के साथ फट गया। जिसकी चपेट में आकर भाई-बहन और उनकी मां झुलस गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया गया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के साथलपुर की मढै़या गांव निवासी किसान जयचंद के परिवार में पत्नी सीमा और बेटी सृष्टि व बेटा आर्यन हैं। सृष्टि कक्षा दो व आर्यन कक्षा एक में पढ़ता है। मंगलवार सुबह सृष्टि व आर्यन स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। जबकि, सीमा चूल्हे पर बच्चों के लिए खाना तैयार कर रही थी। चूल्हे पर रखे कुकर में दाल बना रही थी। आर्यन व सृष्टि पास में बैठकर नाश्ता कर रहे थे। सीमा देवी रोटी बनाने की तैयारी कर रही थी। इस बीच तेज धमाके के साथ कुकर फट गया। कुकर का ढक्कन हवा में उछलकर छत में टकरा कर दूर जा गिरा। जबकि गरम दाल की चपेट में आकर सृष्टि, आर्यन और उनकी मां सीमा झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ आए और तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सीमा देवी और उनके बेटे आर्यन, बेटी सृष्टि को घर भेज दिया गया है।