मामला थाना क्षेत्र के गांव चांदनगर का है। यहां के निवासी कपिल का छह वर्षीय बेटा मोहित शनिवार शाम कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। बोतल खाली होने के बाद उसने पानी भरकर उसकी पिचकारी बना ली। खेलते हुए पड़ोस में बोतल से पानी फेंकने लगा। पड़ोसी अनुज ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। उस समय तो लोगों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन रविवार को दिन निकलते ही दोनों पक्षों फिर से आमने सामने आ गए और देखते ही देखते गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। पथराव होने लगा। जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई।
पथराव में अनुज, विजय, रमेश व कपिल घायल हो गए। पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू किया। जबकि अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस घायलों को लेकर थाने पहुंची और फिर अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ रमेश सहरावत ने मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही।
मेड़ के विवाद में चले लाठी-डंडे, छह लोग घायल
हसनपुर (अमरोहा)।
कोतवाली क्षेत्र में मेड़ के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मोहम्मदपुर बंगर निवासी चरन सिंह का गांव के ही कुछ लोगों से मेड़ पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर मेड़ जोतने का आरोप लगाते हैं। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद लाठी-डंडे चलने शुरू हो गए। जिसमें एक पक्ष से देवेंद्र, नरेंद्र एवं चरन सिंह और दूसरे पक्ष से फूल सिंह अनुज व तेजपाल घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दोनों पक्षों के द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाल सुशील कुमार वर्मा का कहना है कि घायलों का उपचार कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट एवं तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।