नौगावां सादात। थानाक्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता के भाई की मौत फंदे पर लटकने से ही हुई थी। उसने घर के कमरे में पंखे के कुंडे से चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या की थी। वहीं, पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाने वाले परिजनों ने मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया है। दूसरी ओर दुष्कर्म का आरोपी अब भी पुलिस पकड़ से दूर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने रविवार को गांव के ही युवक के खिलाफ दुष्कर्म का प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवती का आरोप था कि आरोपी उसे अमरोहा छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाकर शहर के एक होटल में ले गया था। रास्ते में उसे नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिला दी गई, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बना ली। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसका यौन शोषण किया गया। प्राथमिकी दर्ज होने के करीब 24 घंटे बाद पीड़िता के भाई का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। बताया गया कि मृतक युवक हत्या के एक मामले में नामजद था और करीब ढाई साल जेल में रहने के बाद चार महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। मृतक के परिजनों ने शुरुआत में पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि पुलिस दबाव से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण हैंगिंग आया है। वहीं, दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।