घर से लापता किसान जयसिंह (52) का शव गांव से दो सौ मीटर दूर खेत में पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने पट्टे की जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जताई है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रहरा थाना क्षेत्र के दौरारा गांव निवासी जयसिंह के परिवार में पत्नी माया देवी और दो बच्चे हैं। सोमवार शाम जयसिंह घर से गायब हो गए। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत में पेड़ पर जयसिंह का शव फंदे पर लटका। परिजनों ने पट्टे की जमीन के विवाद में जयसिंह की हत्या करके शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। सीओ दीप कुमार पंत ने भी मुआयना किया। सीओ ने बताया कि जयसिंह की मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो पाएगा। मामले में परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।