डिडौली। परिजनों की गैर मौजूदगी में युवक ने घर में घुसकर किसान की नाबालिग बेटी से छेड़खानी की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव का है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। सोमवार की सुबह आठ बजे किसान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत पर गन्ना छीलने गया था। इस दौरान उनकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि तभी गांव का रहने वाला युवक घर में घुस आया और किशोरी से छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की। बचाव में आए किसान के चाचा को भी पीटा। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोपी फरार हो गया। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में विकास, चरन सिंह और अंकुर के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।