अमरोहा। एक तरफ जहां परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दाखिले की प्रक्रिया इस बार शिक्षकों के लिए सिर दर्द बन रही है। वजह बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से कक्षा एक में दाखिले की प्रक्रिया को लेकर बार-बार आदेश बदलना है।
बता दें कि बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से पूर्व में आदेश हुआ था कि एक अप्रैल को छह वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों का ही कक्षा एक में दाखिला लिया जाएगा। ऐसे में दाखिला लेने पहुंचे बच्चों को शिक्षकों ने नियमों का हवाला देकर वापस लौटाया। अब यह आदेश एक जुलाई से लागू कर दिया गया है। ऐसे में शिक्षकों ने जिन बच्चों का दाखिला लेने से मना किया था। उसको वापस बुलाने के लिए फिर भागदौड़ करनी पड़ेगी।
एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। लेकिन, बच्चों की संख्या बढ़ने की बजाए घट रही है। इसके लिए कहीं न कहीं आधार कार्ड की अनिवार्यता वजह माना जा रहा है। वहीं अप्रैल माह में छह साल की उम्र पूरी करने वाले बच्चे दाखिला लेने पहुंचे। लेकिन नियम के चलते शिक्षकों ने उनका दाखिला नहीं लिया। अब शासन ने आदेश में बदलाव कर दिया है। इसके तहत 31 जुलाई को छह साल की उम्र पूरी कर रहे बच्चाें के दाखिले अब लिए जाएंगे।
-
पूर्व में शासन स्तर से निर्देश मिल थे कि एक अप्रैल को छह वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों के ही दाखिले कक्षा एक में होंगे। ऐसे में शिक्षकों को कई बच्चों को स्कूलों से बिना दाखिले लौटना पड़ा। अब नियम में बदलाव हुआ है। जुलाई माह तक छह वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों के भी दाखिले होंगे। जिसके लिए शिक्षकों को उन बच्चों के घर जाना होगा, जो वापस लौटे। डॉ. मोनिका, बीएसए।
-