गजराैला। श्री चैत्रीय नवरात्र दुर्गा महोत्सव के दूसरे दिन नहटौर से आए कलाकारों ने मां भगवती की सेवा में गुणगान करते हुए भजन प्रस्तुत किए। उनके द्वारा प्रस्तुत राधा कृष्ण, सुदामा, मोरनी, नंदी महाराज की झांकियों ने मन मोह लिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे।
बस्ती स्थित नव दुर्गा चामुंडा मंदिर पर चल रहे चैत्रीय नवरात्र दुर्गा महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार की रात नहटौर से आए भजन कलाकार रामपाल व्यास ने अपनी पार्टी के साथ देवी के भजन प्रस्तुत किए। कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण, सुदामा, मोरनी, नंदी महाराज की झांकी प्रस्तुत की गई। सुदामा बने कलाकार ने भगवान श्रीकृष्ण के परम मित्र सुदामा की दशा प्रस्तुत करते हुए सजीव झांकी से मन मोह लिया। इस दौरान कलाकारों ने देवी का गुणगान करते हुए अंबे है मेरी मां जगदंबे है मेरी मां सुनाया तो श्रद्धालु झूम उठे। तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महोत्सव के अध्यक्ष विचित्र भाटी, चंद्रपाल सिंह पाल, डॉ. आशुतोष भूषण शर्मा, प्रदीप वर्मा, दिनेश अग्रवाल, उमेश प्रजापति, डॉ.सुमेर चंद, आकाश प्रजापति, ब्रजेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।